जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबोस) नवंबर के दूसरे सप्ताह से 10वीं, 11वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू हो सकती है। बोर्ड ने परीक्षा के आयोजन के लिए प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग से मंजूरी के लिए लिखा और संभवत: बोर्ड को इसी सप्ताह परीक्षा की अनुमति मिल जाएगी। विंटर जोन में यह बोर्ड परीक्षाएं होनी है, जिसमें तीन कक्षाओं के एक लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे।
विंटर जोन की बोर्ड परीक्षा जम्मू संभाग के तीन जिले डोडा, किश्तवाड, रामबन और कश्मीर संभाग के दस जिलों में होगी। बोर्ड ने इसके लिए एक हजार के करीब परीक्षा केंद्र बनाए है। कोविड एसओपी के तहत परीक्षा का आयोजन होगा, इसके लिए इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या ज्यादा हैं। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया की बोर्ड ने परीक्षा के आयोजन को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग से मंजूरी मांगी है और इसी सप्ताह मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी करेगा।
उन्होंने कहा कि 10वीं, 11वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा होगी, जिसमें एक लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे। कोविड को देखते हुए परीक्षा केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई है, जम्मू संभाग के तीन जिलों में 40 हजार से अधिक परीक्षार्थी है। बोर्ड परीक्षा में बच्चों को 100 अंक का पेपर होगा, जिसमें उन्हें 70 फीसदी पेपर करना होगा, जो 100 फीसदी के बराबर होगा।
बोर्ड ने आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र लिखकर परीक्षा के आयोजन की अनुमित मांगी है। परीक्षा के सफल आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है, जल्द परीक्षा की विस्तृत डेटशीट जारी की जाएगी।
- अलताफ हुसैन, ज्वाइंट सेक्रेटरी, जेकेबोर्ड, जम्मू संभाग