आतंकी गतिविधियों के लिए चर्चा में रहने वाले कश्मीर के दो युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। श्रीनगर के कामरान इकबाल और दक्षिणी कश्मीर के रासिक सलाम का चयन राष्ट्रीय अंडर 19 क्रिकेट टीम के लिए हुआ है।
दोनों खिलाड़ी 21 जुलाई से इंग्लैंड में होने वाली तीन देशों की ट्राई सीरीज में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा होंगे। दोनों खिलाड़ी 15 जुलाई को राष्ट्रीय टीम के साथ इंग्लैंड रवाना होंगे।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के कोच और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी परवेज रसूल ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का पल है कि हमारे यहां से खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने हैं।
कामरान इकबाल और रासिक सलाम दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। पिछले एक वर्ष में दोनों ने अपने प्रदर्शन के दम पर मुकाम हासिल किया है। इससे अन्य युवा भी प्रेरित होंगे। कामरान इकबाल ने पिछले वर्ष अंडर 19 बी टीम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार पारी खेली थी।
वहीं रासिक सलाम ने मुश्ताक अली ट्राफी में अपने प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। वर्तमान में दोनों खिलाड़ी नेशनल क्रिकेट अकादमी कैंप बंगलुरु में अंडर 19 के कोच और एनसीए निदेशक राहुल द्रविड़ से प्रशिक्षण ले रहे हैं।