जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आज सीमा पार से फिर घुसपैठ की कोशिश की गई है । पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश की गई थी जिसे वहां मौजूद सेना के जवानों ने नाकाम कर दिया । जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे सेना के जवानों द्वारा पुंछ में एलओसी के पास सर्च ऑपरेशन किया जा रहा था ।
सर्च ऑपरेशन के दौरान साब्जियां सेक्टर के मखयारी ढोक नाम के सीमावर्ती इलाके में सेना के जवानों पर घुसपैठ कर रहे आतंकियों की ओर से फायरिंग हुई । इसके बाद सेना के जवानों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई । सेना के जवानों ने आतंकियों पर जवाबी कार्रवाई की । इस दौरान मुठभेड़ में सेना का एक जवान घायल हो गया ।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सेना की 40 राष्ट्रीय राइफल रेजीमेंट के जवान विनोद कुमार इस मुठभेड़ में घायल हो गए । विनोद कुमार राष्ट्रीय राइफल्स में लांस नायक पद पर तैनात हैं । मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से उधमपुर में सेना के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया जा रहा है ।
राजोरी में पाक की ओर से भारी गोलाबारी
सीमा पर फायरिंग
- फोटो : File Photo
सीमा पर पाक की ऩापाक हरकते लगातार जारी हैं । पुंछ में घुसपैठ के दौरान ही पाकिस्तान की ओर से राजोरी में भारी गोलाबारी की जा रही है । पाकिस्तान की ओर से राजोरी के तारकुंडी सेक्टर में भारतीय सीमा पर भारी गोलाबारी की गई है जिसका भारतीय सेना के जवानों ने माकूल जवाब दिया है ।
तारकुंडी में पाकिस्तान की ओर से सीमा पर शुक्रवार की दोपहर पौने एक बजे से लगातार गोलाबारी की जा रही है । पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा पर फायरिंग के साथ साथ मोर्टार भी दागे गए हैं । अब तक इस फायरिंग में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है । पाक की ओर से हुई फायरिंग पर सेना के जवान लगातार मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं ।
हीरानगर में बीएसएफ ने पाक रेंजर्स के जवान को किया ढेर
इंडो पाक बॉर्डर पर बीएसएफ ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था
- फोटो : फाइल फोटो
पाकिस्तान की ओर से एलओसी के साथ साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है । पाक की ओर से आज सुबह भी कठुआ के हीरानगर सेक्टर में बीएसएफ की पोस्ट पर फायरिंग की गई थी ।
पाकिस्तान की ओर से हुई इस फायरिंग का वहां तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों नें मुंहतोड़ जवाब दिया । बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान रेंजर्स का एक जवान मारा गया है, जबकि इस दौरान बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया है ।
एलओसी पर लगातार नाकाम हो रही घुसपैठ को देखते हुए अब आतंकियों के मंसूबे ध्वस्त हो रहे हैं । पाकिस्तान की ओर से एलओसी के रास्ते घुसपैठ में नाकाम हो रहे आतंकवादी अब आईबी के जरिए भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं ।
अखनूर में पाक ने की फायरिंग
Indian Army
- फोटो : PTI
पाकिस्तान की ओर से अखनूर के परगवाल में भी सीजफायर का उल्लंघन किया गया है । पाक की ओर से अखनूर के परगवाल सेक्टर में सीमापार से फायरिंग की गई है । पाक की फायरिंग का सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है ।
पाकिस्तान की ओर से परगवाल की नेकोवाल पोस्ट पर फायरिंग हुई है । सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान की ओर से करीब 10 मिनट तक हल्के हथियारों से फायरिंग की गई है । हालांकि अब तक इस फायरिंग में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है ।