पुलवामा में आतंकियों के साथ चल रही मुठभेड़ में सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की एसओजी ने मोर्चा थामा है। एसएसपी पुलवामा असलम चौधरी ने बताया कि इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। आतंकियों के भाग निकलने के हर रास्ते को बंद कर दिया गया है।
इलाके में इंटरनेट सेवा बाधित
मुठभेड़ शुरू होते ही इलाके में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवा को स्थागित कर दिया है। पुलवामा के साथ ही शोपियां और कुलगाम में इंटरनेट की सेवा को बाधित करने के आदेश दे दिए गए हैं। गोलीबारी शुरू होते ही इलाके में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। हिंसक प्रदर्शन में एक नागरिक की मौत हो गई है। जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों पर किया पथराव
मुठभेड़ शुरू होने की खबर इलाके में फैलने के साथ ही स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और मुठभेड़ स्थल की ओर बढ़ने लगे। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर पत्थरबाजी की, जिसे नियंत्रण में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
सुरक्षा बलों को प्रदर्शन उग्र होता देख हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार एक दर्जन से अधिक प्रदर्शनकारी इस दौरान घायल हुए हैं जिसमें से कुछ को बुलेट इंजरी है। वहीं पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर बताये गए हैं।