कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच दो जगह मुठभेड़ चल रही थी। यह करीब 12 घंटे बाद पांच आतंकियों की मौत के साथ खत्म हुई है। कश्मीर के आईजीपी ने बताया कि मारे गए आतंकियों में जैश कमांडर और आतंकी जाहिद वानी और पाकिस्तान के दहशतगर्द शामिल हैं। भारतीय सेना, सीआरपीएफ और कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग जगहों पर हुई मुठभेड में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तायबा से जुड़े पांच आतंकवादियों को मार गिराया गया। इनमें जैश का स्थानीय सरगना और एक पाकिस्तानी आतंकी भी शामिल है। शनिवार रात को पुलवामा और बडगाम जिलों में दो जगहों पर मुठभेड़ शुरू हुई थी। कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी संगठन लश्कर और जैश के 5 आतंकवादी पिछले 12 घंटों में मारे गए। इनमें जैश का स्थानीय सरगना जाहिद वानी के अलावा एक अन्य पाकिस्तानी कफील उर्फ छोटू भी शामिल है। दोनों लंबे समय से कई वारदातों में शामिल थे।
विज्ञापन
पुलवामा और बड़गाम में हुई मुठभेड़
शनिवार शाम को पुलवामा के नायरा इलाके और मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चरार-ए-शरीफ इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जैश के शीर्ष कमांडर जाहिद वानी सहित चार आतंकवादी पुलवामा के नायरा इलाके में मारे गए, जबकि बडगाम के चरार-ए-शरीफ इलाके में लश्कर-ए-तायबा का एक आतंकवादी मारा गया।
कई घटनाओं में शामिल था आतंकी सरगना जाहिद, सुरक्षाबलों को मिली थी खास सूचना
पुलिस को जिले के नियारा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैश का स्थानीय सरगना आतंकवादी जाहिद वानी कई वारदातों में शामिल था। इसके अलावा वह संगठन में युवाओं को जोड़ने का भी काम करता था। पाकिस्तानी पहचान कफील उर्फ छोटू की भी कई दिनों से तलाश थी। दोनों आतंकियों के इलाके में मौजूद होने की विशेष सूचना एजेंसियों को मिली थी।
पुलवामा में चार जबकि बडगाम में एक आतंकी हुआ ढेर
सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में चार आतंकी पुलवामा में जबकि एक आतंकी बडगाम जिले में ढेर हो गया। दोनों स्थानों पर अलग-अलग हुईं मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में हथियार मिले हैं। सुरक्षा बलों ने दोनों स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया हुआ है।