दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने हाल ही में आतंकवाद में शामिल हुए एक आतंकी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इसकी जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आतंकी की पहचान अर्धखेड़ा इमामसाहिब शोपियां के शाकिर अहमद के रूप में हुई है। वह 'सी-कैटेगरी' का आतंकी है। पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने कुलगाम के यारीपोरा से उसे गिरफ्तार किया है।
इससे पहले गुरुवार को कश्मीर में अवंतीपोरा पुलिस ने छह युवाओं को आतंकी बनने से बचाया था। ये सभी आतंकवाद में शामिल होने के इरादे से जा रहे थे। घाटी के युवाओं को आतंक की राह पर जाने से रोकने की सुरक्षाबलों की मुहिम जारी है। वहीं पुलिस द्वारा आतंकी मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ किया गया। जिसमें आतंकियों के सात मददगारों को गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन के नारानाग जंगल में सुरक्षाबलों ने बुधवार को आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर ग्रेनेड व एके 47 की गोलियां बरामद की थी। पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आतंकियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा था। पुलिस के अनुसार सूचना के आधार पर 34 असम राइफल्स, 24 राष्ट्रीय राइफल्स व पुलिस ने नारानाग जंगल में तलाशी अभियान चलाया गया था।