जम्मू-कश्मीर में 12 घंटे के भीतर चार आतंकियों का खात्मा किया गया है। दोनों मुठभेड़ ऑपरेशन क्लीन की तर्ज पर हुए हैं। शनिवार सुबह सुरक्षाबलों को शोपियां में आतंकियों के होने की जानकारी मिली। इसके बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर जमकर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जबाव में दोनों को ढेर कर दिया गया।
अनंतनाग: सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हुए ग्रेनेड हमलों में शामिल हिजबुल आतंकी को मार गिराया
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक हिजबुल आतंकी को मार गिराया। उसके पास से एक एके-47 राइफल, 2 मैगजीन, 40 कारतूस, एक ग्रेनेड, गोला बारूद और आपत्तिजनक सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार मारा गया आतंकी कई वारदातों को अंजाम दे चुका था।
वह कुलगाम और अनंतनाग में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हुए ग्रेनेड हमलों तथा भाजपा नेताओं की हत्या में शामिल था। शुक्रवार तड़के सुरक्षाबलों को जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के मूमिनहाल आरवनी में एक से दो आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर एक साझा तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान एक मकान में आतंकियों के छुपे होने का पता चला। सुरक्षा बलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन वो नहीं माने और जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आतंकी मारा गया। उसकी शिनाख्त सहपोरा कुलगाम निवासी शहजाद अहमद सेह के तौर पर हुई है।