बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को दिवाली से पहले तोहफा देने की तैयारी में है। सरकार की ओर से विद्युत शुल्क में बारह फीसदी की कटौती की जा सकती है।
अब तक विभाग उपभोक्ताओं से 22 फीसदी विद्युत शुल्क वसूल रहा था, जिसे अब 10 फीसदी करने की तैयारी की जा रही है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक इसका सबसे ज्यादा फायदा अधिक बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को होगा। जिसमें औद्योगिक इकाइयां और अन्य व्यवसायिक संस्थान शामिल हैं। लेकिन आम लोगों को भी कुछ हद तक राहत मिलेगी।
बिजली विभाग के एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि बिजली की उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह के निर्देश पर बिजली विभाग में कई बदलाव किए गए हैं।
कई बिजली स्टेशनों को अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे बिजली ढांचे में सुधार साफ देखा जा सकता है। आने वाले दिनों में विभाग की ओर से निर्बाध बिजली देने और ढांचे को बेहतर करने की दिशा में कई फैसले लेने का सिलसिला जारी रहेगा।
विद्युत शुल्क में 12 फीसदी की कटौती किए जाने जानकारी मिली है। फिलहाल इसे लागू करने के लिए आधिकारिक आदेश का इंतजार किया जा रहा है।
बिजली विभाग के मुख्य अभियंता अश्विनी गुप्ता ने कहा कि बिजली ढांचे को दुरुस्त करने के लिए भी माननीय उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर कई तरह की योजनाओं पर काम शुरू किया गया है।
कठुआ इंडस्ट्रियल यूनिट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत बावा ने कहा कि आम लोगों के साथ सरकार के इस फैसले का उद्योग से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। कठुआ के उद्यमी सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हैं। इससे उद्योगों को फलने-फूलने का मौका मिलेगा।