जम्मू-कश्मीर में चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों ने और गति पकड़ ली है। चुनाव के संबंध में शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की ओर से बुलाई गई बैठक में लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव के संबंध में विभिन्न पार्टियों की राय ली जाएगी।
सीईओ कार्यालय की ओर से भाजपा, कांग्रेस, नेकां, पीडीपी, पैंथर्स, सीपीआई (एम) समेत तमाम पार्टियों को पत्र भेजकर बैठक में शामिल होने को कहा गया है। पत्र पार्टियों के अध्यक्ष व महामंत्री के नाम लिखा गया है।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में चुनाव की तैयारियों के बाबत चर्चा होगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी बात होगी। विभिन्न दलों की राय ली जाएगी कि चुनाव के लिए क्या व्यवस्थाएं की जाएं।
हालांकि, चुनाव को लेकर राज्यपाल सत्यपाल मलिक और सीईओ शैलेंद्र कुमार दोनों ही कह चुके हैं कि वे चुनाव को तैयार हैं। अंतिम फैसला चुनाव आयोग को लेना है। पिछले दिनों चुनाव आयोग में हुई बैठक में भी सीईओ राज्य में चुनाव तैयारियों की जानकारी दे चुके हैं।
साथ ही यह भी बता चुके हैं कि राज्य स्तर पर निर्वाचन कार्यालय की तैयारियां मुकम्मल है। वह किसी भी समय चुनाव कराने को तैयार है।