जम्मू-कश्मीर विधान परिषद के चेयरमैन एवं पीडीपी के बड़े नेताओं में शुमार हाजी अनायत अली समेत मुस्लिम बहुल कारगिल जिले के सात और प्रमुख नेताओं के सोमवार को भाजपा में शामिल होने से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पार्टी का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना का कहना है कि राज्य विधान परिषद के चेयरमैन एवं कारगिल में पीडीपी के प्रमुख नेता हाजी अनायत अली के अलावा लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद, कारगिल के मुख्य कार्यकारी काउंसलर मोहम्मद अली हसन, मोहसिन अली, जाहिर हुसैन बाबर, काचो गुलजार हुसैन, असादुल्ला मुंशी, मोहम्मद इब्राहिम और ताशी सीरिंग के भाजपा में शामिल होने से साफ हो गया है कि अनुच्छेद 370 और 35ए के हटने से मुस्लिम बहुल कारगिल जिले में भी लोग बेहद खुश हैं।
ऐसे में जो दल अनुच्छेद हटाने का विरोध कर रहे हैं उनकी पोल एक बार फिर खुल गई है। भाजपा राष्ट्रवादी दल है लगातार उसका ग्राफ बढ़ रहा है। लोग भाजपा की नीतियों और कार्यक्रम से खुश हैं। राष्ट्र के हितों के खिलाफ काम करने वाले दलों से लोग खफा हैं।