पहलगाम आतंकी हमले के बाद मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में 65 फीसदी तक की गिरावट आ गई है। पहले हर दिन 30 से 40 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे थे। आतंकी हमले के बाद आंकड़ा गिरकर 12,000 से 15,000 के बीच रह गया है। श्रद्धालु अग्रिम बुकिंग भी रद्द करवा रहे हैं।
- कटड़ा होटल व रेस्तरां एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश वजीर का कहना है कि 70 से 85 प्रतिशत श्रद्धालु अग्रिम बुकिंग रद्द करवा चुके हैं। भवन मार्ग पर घोड़ा, पिट्ठू तथा पालकी आदि के रूप में कार्य करने वाले करीब 40 प्रतिशत से अधिक मजदूर अपने घरों की ओर रवाना हो चुके हैं
- रियासी के चसाना निवासी घोड़ा चालक मो. दीन का कहना है कि श्रद्धालुआें की कमी के चलते काम मिलना मुश्किल हो गया है। इससे कमरे का किराया और घोड़े का खर्च निकालना कठिन हो गया है
आधे ही रह गए कश्मीर जाने वाले सैलानी
आतंकी हमले के बाद हवाई मार्ग का इस्तेमाल करने वाले पर्यटकों का ग्राफ तेजी से गिरा है। दिल्ली समेत देश के दूसरे राज्यों से जम्मू-कश्मीर आने वाले यात्रियों की संख्या आधी रह गई है, जबकि राज्य से बाहर जाने वाले यात्रियों की तादाद अचानक बढ़ गई है। वहीं, दिल्ली से जम्मू तक हालात अभी सामान्य हैं। यहां आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में 22 अप्रैल के बाद बड़ा अंतर नहीं आया है।
- जम्मू से श्रीनगर उड़ान भरने वाले विमानों के 30 फीसदी टिकट पहलगाम हमले के बाद रद्द हो गए हैं
- हमले के बाद जम्मू से श्रीनगर के बीच की उड़ानों में 11 से 25% तक छूट चल रही है, जबकि दिल्ली से श्रीनगर की उड़ानों में 16 से 22 फीसदी तक छूट दी जा रही है। लेकिन इसका कोई बड़ा असर नजर नहीं आया है