अरनिया। क्षेत्र के गांव व्यासपुर प्रलाह हाई स्कूल में एक वर्ष से अधिक समय से मुख्य अध्यापक का स्थान रिक्त है। इससे स्कूल में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर तो असर पड़ ही रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों को भी दिक्कतें हो रही हैं।
सरपंच शशिपाल ने बताया कि वीरवार को स्थानीय लोगों व पंचायत के नुमाइंदों को लेकर जब स्कूल का दौरा किया गया तो कार्यरत शिक्षकों ने अन्य दिक्कतों सहित स्कूल में मुख्य अध्यापक के से रिक्त पद के बारे में बताया। इतना ही नहीं यहां पर एक मास्टर ग्रेड का स्थान भी रिक्त है, जिसे भरने के लिए उन्होंने गुजारिश की।
सरपंच के अनुसार 31 मार्च 2021 में तत्कालीन मुख्य अध्यापक अम्रित पाल कौर सेवानिवृत्त हो गई थीं, जबकि एक मास्टर ग्रेड अध्यापक का स्थान भी एक वर्ष से रिक्त है। यहां तक स्कूल में न तो कोई चपरासी है, और न ही कोई चौकीदार, जिससे स्कूल में चोरी की आशंका बनी है। कहा कि केंद्र सरकार व राज्य प्रशासन लोगों को सरकारी स्कूलों में बच्चों को दाखिल कराने को प्रेरित करता है, मगर सुविधा बढ़ाने की ओर ध्यान नहीं देता है।
उन्होंने कहा कि हमारा गांव सीमावर्ती के साथ-साथ ग्रामीण भी है, जिससे यहां नाम मात्र की सुविधाएं ही उपलब्ध हैं। अगर किसी बच्चे या अन्य उम्र वर्ग को अपने दस्तावेज पर मुहर लगवानी होती है, तो पांच से आठ किलोमीटर सफर तय करना पड़ता है। यहां करीब सौ बच्चे हैं, ऐसे में कौन अपने बच्चों का भविष्य अधर में डालना चाहेगा। यहां अन्य सहूलियतें तो छोड़ो बच्चों को पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षक भी उपलब्ध नहीं।
----------
स्कूल में मुख्य अध्यापक का पद जल्द ही भरा जाएगा और मास्टर ग्रेड को भी वहां स्थानांतरित किया जाएगा, जबकि चपरासी और चौकीदार के रिक्त पदों को भरने को लेकर फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता।
-सूरज सिंह राठौर, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जम्मू