डायट के प्राचार्य डॉ. आरजी डोगरा का स्वागत करती स्कूल की प्राचार्य स्रोत - स्कूल
- फोटो : Archive
- छात्रों में तनाव से निपटने की क्षमता बढ़ाने और पर रहेगा जोर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पढ़ाई का बढ़ता दबाव, सोशल मीडिया का असर और बदलती जीवनशैली के बीच बच्चों की मानसिक सेहत को मजबूत बनाने के लिए गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकंड्री स्कूल, कैनाल रोड में मंगलवार को मानसिक स्वास्थ्य और वेलबीइंग मॉडल की शुरुआत की गई। पृथिभया-वेदांतसार फाउंडेशन और डाइट जम्मू की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाना और स्कूलों में सहयोगी माहौल तैयार करना है।
फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह मॉडल छात्रों के भावनात्मक विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है। इसके तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण और विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि बच्चे अपनी भावनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें और चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें। कार्यक्रम में डायट, जम्मू के प्राचार्य डॉ. आरजी डोगरा मुख्य अतिथि रहे। वहीं डायट के विभागाध्यक्ष डॉ. रोमेश कुमार ने कहा कि आज के समय में स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना उतना ही जरूरी है जितना पढ़ाई पर।
स्कूल की प्राचार्य अनीता कौल ने पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों में बढ़ते तनाव और मानसिक चुनौतियों को देखते हुए ऐसे कार्यक्रम समय की जरूरत हैं। फाउंडेशन के संस्थापक, निदेशक एवं सीईओ भरत मकोत्रा और सह-संस्थापक, निदेशक एवं सीओओ पिंकी देवी ने बताया कि यह पहल केवल जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी। इसके तहत छात्रों में तनाव से निपटने की क्षमता विकसित करने, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की शुरुआती पहचान करने और जरूरत पड़ने पर उचित सहायता उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।