- जीडीसी मढ़ में कॉमर्स, भद्रवाह में कंप्यूटर एप्लीकेशन और जीडीसी पाडर में हिंदी विषय पढ़ाया जाएगा
- माइनर के साथ मेजर विषयों के लिए दी उच्च शिक्षा विभाग ने मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू संभाग के तीन कॉलेजों में तीन मेजर विषय पढ़ाने की मंजूरी मिल गई है। जम्मू के राजकीय डिग्री कॉलेज (जीडीसी) मढ़ में कॉमर्स, जीडीसी भद्रवाह में कंप्यूटर एप्लीकेशन और जीडीसी पाडर में छात्र मेजर विषय में हिंदी की पढ़ाई भी कर सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इन तीन विषयों को पढ़ाने का निर्देश दिया है। इससे पहले छात्र इन विषयों को सिर्फ माइनर के तौर पर ही पढ़ते थे।
नई शिक्षा नीति के तहत कॉलेजों की शिक्षा प्रणाली में बदलाव आया है। रोजगारपरक कोर्स के साथ अन्य कोर्स भी कॉलेजों में पढ़ाए जा रहे हैं। छात्रों के कौशल को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए मेजर और माइनर की प्रक्रिया शुरू की गई है। कॉलेजों में सीमित विषय रखे गए हैं। स्नातक के दो सेमेस्टर पूरे होने के बाद जब छात्र तीसरे सेमेस्टर में दाखिला लेते हैं तो उन्हें कई विषय पढ़ने अनिवार्य हो जाते हैं। कॉलेजों में अधिक मूल ढांचे को ध्यान में रखते हुए विषय निर्धारित किए गए हैं। जम्मू विश्वविद्यालय के अधीन करीब 100 से अधिक सरकारी और निजी कॉलेज हैं। वहीं, क्लस्टर विश्वविद्यालय के अधीन चार डिग्री कॉलेज और एक बीएड कॉलेज है। इसके अलावा महिला कॉलेज परेड एक स्वायत्तता कॉलेज है। यहां निर्धारित विषय के हिसाब से छात्र पढ़ाई कर सकते हैं।