- मंडलायुक्त ने समीक्षा बैठक में जारी किए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने बुधवार को शहरी सौंदर्यीकरण योजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बाहु किला परिसर में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। विभागीय अफसरों ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, फिनिशिंग का काम जारी है। मंडलायुक्त ने कार्यों में तेजी लाकर नवरात्र से पहले उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को शहर की सड़कों पर गड्ढे भरने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट सिटी लिमिटेड की चल रही परियोजनाओं की भी समीक्षा की। सीईओ स्मार्ट सिटी राहुल यादव ने ब्लू ग्रीन परियोजनाओं की नवीनतम स्थिति, रोटरी के विकास आदि के बारे में जानकारी दी। मंडलायुक्त ने शहर के पार्कों के उचित रखरखाव, बेहतर स्वच्छता, डिवाइडरों के किनारे शाखाओं को काटने आदि पर जोर दिया। संबंधित अधिकारियों को जम्मू विश्वविद्यालय और बाहु किला क्षेत्र, हवाई अड्डे की ओर जाने वाली सड़क के सौंदर्यीकरण को बेहतर करने के निर्देश दिए। फ्लोरीकल्चर विभाग को तवी पुलों पर लगे गमलों में फूल लगाने और उसका रखरखाव करने के लिए कहा।