- नवंबर में परीक्षा होने के चलते लगाई जा रहीं अतिरिक्त कक्षाएं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शीतकालीन स्कूलों में सिलेबस को कम करने की तैयारी है। परीक्षाएं नवंबर से शुरू हो रही हैं। अभी तक सिलेबस आधा ही हुआ है। ऐसे में स्कूल शिक्षा बोर्ड के पास सिलेबस कम कर बच्चों को परीक्षा में राहत देने का विकल्प है।
स्कूलों में सिलेबस पूरा करने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं। हालांकि सिलेबस को अक्तूबर माह में पूरा कर पाना मुश्किल है। शिक्षा विभाग के अनुसार इसके लिए सिफारिश की जा चुकी है। अब बोर्ड की ओर से तय किया जाना है। शीतकालीन स्कूलों में अप्रैल माह में पढ़ाई शुरू हुई थी। 26 अगस्त को बारिश और बाढ़ से स्कूलों को नुकसान पहुंचा था। इस कारण स्कूल लंबे समय तक बंद रहे। अब स्कूल खुले हैं तो सिलेबस पूरा करवाने पर जोर है। अभी तक 50 से 60 फीसदी सिलेबस पूरा हो पाया है। शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक मुश्ताक अहमद ने कहा कि पहले ही सिफारिश की जा चुकी है। अंतिम विकल्प बोर्ड के समक्ष रखे गए हैं। नवंबर के दूसरे सप्ताह में वार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी।
शैक्षणिक भ्रमण पर रहेगी रोक
शीतकालीन स्कूलों में अब शैक्षणिक भ्रमण पर रोक रहेगी। पहले पढ़ाई पूरी की जाएगी। शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम नए सत्र में आयोजित होंगे। मौजूदा समय में अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर सिलेबस को पूरा करवाया जा रहा है।
-