जम्मू। उच्च शिक्षा विभाग कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए शैक्षणिक व्यवस्था के तहत शिक्षकों को नियुक्त करेगा। नई शिक्षा नीति के तहत कॉलेजों में नए कोर्स शुरू होने हैं और कॉलेज नियमित स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में उच्च शिक्षा विभाग अब शैक्षणिक व्यवस्था के लेक्चरर, शिक्षण सहायक, पीटीआई और पुस्तकालय अध्यक्ष को नियुक्ति करेगा। इसको लेकर विभाग ने दिशा-निर्देश जारी कर निदेशक कॉलेज की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है।
व्यवस्था के तहत एक शैक्षणिक सत्र के लिए नियुक्ति होगी। शैक्षणिक सत्र के खत्म और नियमित स्टाफ की भर्ती होने पर शैक्षणिक व्यवस्था के तहत नियुक्त उम्मीदवार का चयन रद्द हो जाएगा। यह नियुक्त सिर्फ आवश्यकता के आधार पर अस्थायी रूप में ही होगी। जिन कॉलेजों में सरकार की ओर से तय किए विषय में 25 छात्र होंगे वहां पर शैक्षणिक व्यवस्था के तहत शिक्षकों को तैनात किया जाएगा। शैक्षणिक व्यवस्था के तहत नियुक्त शिक्षक को अपने कार्यकाल के दौरान किसी अन्य संस्थान में काम करने की अनुमित नहीं होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने इनकी नियुक्ति के लिए निदेशक कॉलेज की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है। नियुक्ति के दौरान एमफील पीएचडी, जीआरएफ, नीट, सीईटी को अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।