डोडा। पंजाब और दिल्ली की तरह डोडा में भी भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। हालांकि, इससे किसी भी प्रकार के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
शनिवार सुबह पूरी चिनाब घाटी में भूकंप के झटकों ने लोगों को 2013 में आए भूकंप की याद दिला दी। यह भूकंप को तीन से चार सेकंड का ही था, फिर भी लोगों ने खुले में समय व्यतीत किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा से सटे हिंदूकुश में बताया गया, और भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.9 आंकी गई। भूकंप की तीव्रता तो अधिक थी, लेकिन उसके कम समय तक रहने से पूरी चिनाब घाटी में इससे कोई जान या माल का नुकसान नहीं हुआ। फिर भी लोग 2013 जैसी घटना को याद कर सदमे में आ गए।
2013 में लगातार आए भूकंप के झटके ने पूरे क्षेत्र के लोगों को दहशत पैदा कर दी थी। इसका सिलसिला पूरे एक वर्ष तक जारी रहा। उसी दौरान केंद्र सरकार की ओर से भूकंप के आने के कारणों का पता लगाने के लिए भेजी गई टीम ने बताया कि जम्मू कश्मीर का जिला डोडा व अनंतनाग और हिमाचल का चंबा जिला जोन 5 में आता है। यह भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील है।