केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वर्चुअल मोड गुरुवार को जम्मू में ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर इनका शुभारंभ किया। इस अवसर पर जम्मू कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, जम्मू-पुंछ सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना उपस्थित रहे। इसके अलावा दिल्ली से संयुक्त सचिव भी जम्मू पहुंचे।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने 100 ई बसों को जम्मू में चलाने के लिए लगभग 950 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। यह बसें 11 रूटों पर दौड़ेंगी। श्रीनगर में 2 नवंबर को बस सेवा शुरू हो गई थी। जम्मू में अलग-अलग कारणों से यह बस सेवा अभी तक शुरू नहीं हो पाई थी, जो अब शुरू कर दी गई है।
रात 11 बजे तक मिलेगी ई बस की सुविधा
ई-बस का फायदा यह है कि बस हर बीस मिनट बाद आएगी और रात 11 बजे तक इसकी सुविधा मिलेगी। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। शहर में मेटाडोर रात 8 बजे तक सुलभ होती है। वहीं ऑटो चालकों के मनमाने किराये से भी निजात मिलेगी। जम्मू से कठुआ, सांबा और कटड़ा के लिए 25 बसें चलनी हैं। यह बसें 12 मीटर लंबी हैं। यह अभी बाद में चलेंगी। लेकिन अभी 75 बसों को ही शुरू किया जा रहा है।
सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगी बसें
बस में किसी की तबीयत बिगड़ने पर स्वास्थ्य सुविधा भी मिलेगी। इतना ही नहीं चोरी होने या फिर छेड़छाड़ होने पर चालक के माध्यम से कॉल नजदीकी पुलिस स्टेशन में की जाएगी। बसें सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगी।
कार्ड से कर सकेंगे भुगतान, ऐप से कर पाएंगे ट्रैक
बसों में भुगतान डिजिटल पेमेंट टॉप एंड ट्रांसिट कार्ड के माध्यम से होगा। लोग कार्ड के माध्यम से पेमेंट कर एक रूट से दूसरे रूट पर जा सकेंगे। इसके अलावा अपनी ईबस को चलो ऐप से ट्रैक भी कर पाएंगे। चलो ऐप के माध्यम से ही टिकट भी खरीद पाएंगे। इसके अलावा महीने का पास भी बनाया जा सकता है, ताकि बार बार टिकट खरीदने की जरूरत ना पड़े।