सांबा। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की घुसपैठ से सुरक्षा बलों के साथ एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर पाकिस्तान की ओर से किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए ड्रोन इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र के स्दोह गांव के सामने वीरवार को पाकिस्तानी पोस्ट टंडार से ड्रोन के भारतीय सीमा में घुसपैठ कराई गई थी। यह सदोह दो किलोमीटर दूर है। पाकिस्तानी ड्रोन मावा गांव से होते हुए रीगाल व चलेयारी गांव से पाकिस्तानी पोस्ट भोपालपुर चला गया। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं स्दोह क्षेत्र में ड्रोन ने हथियार तो नहीं गिराए गए हों। क्षेत्र में एक नाला बहता है, वहीं कई गुज्जर परिवार भी रह रहे हैं। जिस समय सदोह में ड्रोन को देखा गया उसी समय घगवाल के नोनाथ व सांदी में भी युवक विवेक, साहिल और दीपक ने ड्रोन की हरकत देखी थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी।
सनद रहे कि इसी क्षेत्र में मई माह में ड्रोन ने हथियार गिराए थे। हथियार ले जाने वाले को गंगेयाल पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा से गिरफ्तार किया था। शुक्रवार सुबह से ही नोनाथ नाले में पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। दोपहर बाद तक चले अभियान में पुलिस को कुछ हासिल नहीं हुआ। पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सैन्य क्षेत्र के साथ आईटीबीपी कैंपस में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
परगवाल में ग्रामीणों ने किया ड्रोन देखने का दावा
सुरक्षा एजेंसियां जांच पड़ताल में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
परगवाल। गांव भलवाल भारत में वीरवार की रात ग्रामीणों ने ड्रोन देखने का दावा किया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने रात को कुछ देर के लिए चमकती रोशनी देखी। जो संभवता ड्रोन था। उन्होंने अपने कैमरे में उसे कैद किया। ड्रोन देखने की सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली।
दूसरी तरफ सुरक्षा एजेंसियों भी जांच में जुट गई हैं किड्रोन कहां से आया। शनिवार की सुबह पुलिस ने एक बार फिर मौके पर पहुंच कर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कहीं से भी कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। ड्रोन देखने की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। लोगों को एक बार फिर गोलीबारी का डर सताने लगा है। पिछले दिनों अखनूर के पास भी पुलिस ने एक ड्रोन को मार गिराया था, जिसमें पांच किलो आईडी बंधी थी।
------
ग्रामीणों से ड्रोन के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद हमने मौके पर जाकर जांच पड़ताल कर सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि क्षेत्र में ऐसी कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है। उसके बावजूद हमने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध चीज मिलने पर तुरंत पुलिस स्टेशन से संपर्क करने के लिए कहा है।
-ओम प्रकाश शर्मा, एसआई, चौकी इंचार्ज, परगवाल
बाड़ी ब्राह्मणा के सैन्य क्षेत्र में देखा गया ड्रोन
बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मणा के सैन्य क्षेत्र में वीरवार देर रात को ड्रोन की हरकत देखी गई। जानकारी के अनुसार स्थानीय व्यक्ति ने देखा कि आसमान में कोई जगमगाती चीज उड़ रही है। कभी वह जल रही है और कभी बुझ रही है। बातचीत में यह मसला खुफिया एजेंसियों तक पहुंच गया। वहां से उन्होंने जब ड्रोन की हरकत पर नजर रखी तो देखते ही देखते ड्रोन विलुप्त हो गया।
देर रात को मिलिट्री द्वारा आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया, लेकिन सुबह होते ही सारी चीजें सामान्य और इसके अलावा कोई भी इनपुट मिलिट्री पुलिस या खुफिया एजेंटों को ड्रोन के बारे में नहीं मिल पाया है। थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा आसमान में कोई जगमगाती चीज देखी गई थी, जिसके बाद उसके ऊपर नजर रखी पर देखते ही देखते वह विलुप्त हो गया। हालांकि क्षेत्र में कोई भी ऐसा इनपुट नहीं मिला है, जिससे तलाशी अभियान चलाया जा सके और सारी चीजें सामान्य रूप के अनुसार ही हैं।