दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में दो नाकों को तोड़कर भाग रहे वाहन पर सीआरपीएफ की ओर से की गई फायरिंग में एक महिला घायल हो गई। वाहन चालक ने एक पुलिस अफसर को कुचलने की भी कोशिश की, जिसमें वह घायल हो गए। उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा निवासी वाहन चालक जुनैद तारिक डार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को दोपहर बाद सवा तीन बजे अवंतीपोरा चौक पर एक वाहन को रुकने का इशारा किया गया तो चालक वाहन लेकर भागने लगा। इस दौरान पुलिस अफसर नसीर उल्लाह को धक्का भी मार दिया। इसके बाद पदगामपोरा पुल के पास वाहन को रुकने का इशारा किया गया, तब भी चालक ने वाहन नहीं रोका।
इस पर वहां तैनात सीआरपीएफ जवानों ने फायरिंग की। इससे गाड़ी का टायर फट गया। इस दौरान गाड़ी में सवार पुलवामा के मुरन निवासी जैसी परवेज शेख घायल हो गईं। उसके दाखिल हाथ में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अवंतीपोरा के अस्पताल में भेजा गया जहां से श्रीनगर के बोन एंड ज्वाइंट्स हास्पिटल में रेफर कर दिया गया। महिला की हालत स्थिर है।