सांबा। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने पर लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद रवि खजूरिया, राज सिंह, अजय सिंह आदि ने एलजी से मांग उठाई कि अस्थायी कर्मचारियों की मांगों को पूरा किया जाए। ताकि गर्मी में लोगों को पानी की किल्लत से राहत मिले।
उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारी काम छोड़ो हड़ताल पर चले गए हैं, ऐसे में गर्मी के चलते लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इस बाबत जिला प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद भी पानी की किल्लत बरकरार है। उन्होंने कहा कि पहले से ही पांच व छह दिन बाद पानी की आपूर्ति की जा रही थी, अब अस्थायी कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से पानी के लिए हाहाकार है।