जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस की रफ्तार बढ़ती जा रही है। इस पर काबू पाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास जारी हैं। लोगों को उपचार के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए डीआरडीओ की मदद से दो अस्थायी अस्पतालों का निर्माण किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए डीआरडीओ की मदद से जम्मू और श्रीनगर में 500-बेड वाले दो कोविड अस्पतालों का निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय गृह सचिव, अजय भल्ला ने एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन(डीआरडीओ) द्वारा जम्मू और श्रीनगर में एक-एक कोविड अस्पताल बनाने की समीक्षा की।
विज्ञापन
बैठक में मुख्य सचिव, जम्मू-कश्मीर बी.वी. आर सुब्रह्मण्यम, एफसी हेल्थ अटल दुल्लो, संबंधित विभागों के केंद्रीय सचिव, डीआरडीओ, आईटीबीपी और एएफएमएस संस्थान के अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। मौजूदा स्वास्थ्य सुविधाएं मरीजों की जरूरतों के लिए पर्याप्त हैं। हालाकि, संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर बेड की कमी हो सकती है। चिकित्सा सुविधाओं की कमी को सफलतापूर्वक कम करने के लिए यह अनुरोध किया गया था कि अस्थायी कोविड अस्पतालों का निर्माण किया जाए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आइसोलेशन बेड(ऑक्सीजन के साथ) और 125 आईसीयू बेड की सुविधा होनी चाहिए। बैठक में बताया गया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने निर्माण कार्य की जल्द शुरुआत के लिए जम्मू और श्रीनगर में भूमि की पहचान की है।