एम्स नई दिल्ली के आरपी सेंटर फॉर आप्थालमिक साइंसेस के अधीक्षक डॉ. शक्ति कुमार गुप्ता को एम्स विजयपुर का पहला निदेशक बनाया गया है। केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति की ओर से डॉ. गुप्ता की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। कार्यभार संभालने के साथ तीन साल के कार्यकाल तक वह नियुक्त रहेंगे और इसमें अतिरिक्त पांच वर्ष का कार्यकाल बढ़ाने का प्रावधान रहेगा।
वर्ष 1956 में पुंछ जिले की तहसील मेंढर के गांव आरी में जन्म लेने वाले डॉ. शक्ति की प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई। 1965 के बाद जम्मू में आकर आगे की शिक्षा ली। वर्ष 1979 में जीएमसी जम्मू से अपना एमबीबीएस करने के बाद आठ वर्ष तक जम्मू कश्मीर में सहायक सर्जन के पद पर सेवाएं दीं। वर्ष 1987-1989 के बीच एम्स नई दिल्ली से पीजी करने के बाद स्वास्थ्य विभाग जम्मू में सेवाएं दीं। वह जीएमसी में चार साल उपाधीक्षक रहे।
इसके बाद वर्ष 1993 से एम्स नई दिल्ली में अस्पताल प्रशासन विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद से अपना सफर शुरू किया और वर्ष 2005 में प्रोफेसर बने। एम्स में प्रशासन विभाग में कई साल एचओडी रहे। वह एम्स के प्रवक्ता भी रहे, उनके पास अस्पताल प्रशासन में 27 वर्ष का अनुभव है। वर्ष 2014 में डॉ. शक्ति कुमार गुप्ता को जम्मू-कश्मीर सरकार ने चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए स्टेट अवॉर्ड दिया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रों के लिए हर जिले में खुलेंगे प्लेसमेंट सेंटर
इसके अलावा अन्य कई अवॉर्ड भी उनके नाम हैं। वह जम्मू-कश्मीर के अलावा अन्य कई राज्यों में स्वास्थ्य देखभाल में सुधार के लिए सलाहकार की भूमिका निभा चुके हैं। जम्मू संभाग के मूल निवासी को एम्स का निदेशक बनाने से इसे एम्स की स्वास्थ्य देखभाल में बेहतर प्रबंधन के लिए अच्छा माना जा रहा है। स्थानीय होने के नाते वह जम्मू-कश्मीर के लोगों की चिकित्सा समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे।