डोगरा सदर सभा ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि सभी हितधारकों के बीच संचार के चैनल खोले जाएं और जम्मू के राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व से इस पर बातचीत की जाए ताकि जम्मू प्रांत के लोगों को पर्याप्त संख्या में विधानसभा या लोकसभा की सीटें मिले।
प्रदेश में होने वाले परिसीमन से पहले जम्मू संभाग से संबंध रखने वाले राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक समूहों को एक मंच पर आने की जरूरत है। जम्मू संभाग के हित के लिए सभी को परिसीमन से पहले सर्वसम्मति से एक रुख तैयार करने की जरूरत है, ताकि क्षेत्र के लोगों के लिए एक उचित सम्मानजनक और समृद्ध भविष्य सुरक्षित किया जा सके। यह बात डोगरा सदर सभा के अध्यक्ष ठाकुर गुलचैन सिंह चाढ़क ने सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में कही।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि जम्मू क्षेत्र से जुड़े मामलों को चाहे संयुक्त या फिर अलग से परिसीमन आयोग के सामने एक सामान्य दृष्टिकोण से रखा जाना चाहिए, ताकि जम्मू की बात सुनी जा सके। उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और यह जम्मू के नागरिकों पर निर्भर है। परिसीमन आयोग के समक्ष अपने विचार रखें और यह सुनिश्चित करें कि जम्मू क्षेत्र को उसका हक मिले।