रियासी। डीआइजी उधमपुर-रियासी रेंज सुजीत कुमार ने शनिवार को अरनास और माहौर का दौरा किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को ओजीडब्ल्यू, आत्मसर्मपण करने वाले और छूटे हुए आतंकियों के साथ ही उन के परिवार का डाटा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों स्थानों के एसडीपीओ को क्राइम रजिस्टर तैयार करने, पुलिस स्टेशन व पुलिस पोस्ट पर काम करने वालों की समस्याओं को समय-समय पर सुनने और हल करने के निर्देश दिए।
डीआइजी ने कहा कि पुलिस कर्मियों की परेशानी को दूर करने के लिए वेलफेयर भी प्राथमिक तौर पर दिया जाए। दौरे के दौरान डीआइजी ने अरनास और माहौर में पब्लिक बैठकें कीं। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का पुुरा सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि बिना लोगों के सहयोग से अपराध पर काबू नहीं पाया जा सकता है। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर लोग अपने निकटतम पुलिस स्टेशन या चौकी पर बिना किसी संकोच के सूचना दे सकते हैं। बैठक में एसएसपी रशिम वजीर, एएसपी सुरजीत कुमार भगत आदि मौजूद रहे।