जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में सख्त पाबंदियाें के लिए फिर से तैयारी शुरू हो गई है। लखनपुर कॉरिडोर पर लॉकडाउन को एक साल पूरा हो गया है। केंद्र की ओर से ताजा एसओपी जारी होने के बाद पुलिस और प्रशासन सख्त व्यवस्थाएं करने की तैयारी में जुट गया है। पुलिस ने अतिरिक्त टेंट लगाने शुरू कर दिए हैं। लखनपुर कॉरिडोर पिछले 365 दिन से लगातार कंटेनमेंट जोन श्रेणी में रखा गया है। पांच सौ मीटर दायरे में सबसे ज्यादा लोगों की जांच की जा रही है।
अब लखनपुर कॉरिडोर पर पुलिस के अतिरिक्त टेंट बीते साल की तरह लगाए जा रहे हैं। मास्क नहीं पहनने वालों को चेतावनी दी जा रही है। उधर, प्रदेश को अन्य राज्यों से जोड़ने वाले मार्गों पर भी पुलिस की ओर सख्ती बढ़ाई जा रही है। आने जाने वाले लोगों को भी रोका जा रहा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से जारी एसओपी के तहत की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। व्यवस्था को समय-समय पर जांचा और बेहतर किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- डीएसपी दविंदर मामले में महबूबा का आया नाम, एक बार की थी आतंकी नवीद से बात
निजी वाहन चालकों की भी रैंडम जांच
लखनपुर में सेल्फ डिकलरेशन फार्म भरकर आवाजाही कर रहे निजी वाहन चालकों को अब रैंडम जांच से गुजरना होगा। लखनपुर कॉरिडोर पर तैनात एक उच्च अधिकारी ने बताया कि कॉरिडोर से गुजरने वाले यात्री वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। निजी वाहनों को भी रैंडम जांच के दायरे में लाया जा रहा है। लखनपुर में पुलिस की ओर से पिछले साल लगाए गए नाकों और बंकरों को भी दुरुस्त कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग भी आरटीपीसीआर जांच को बढ़ाने में जुट गया है। इसके लिए अतिरिक्त काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं।