प्रदेश पुलिस में महिलाओं की होनी चाहिए पर्याप्त भागीदारी : स्वैन
प्रदेश पुलिस की संरचना में महिलाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए। यह भागीदारी पर्याप्त होनी चाहिए न कि केवल प्रतीकात्मक। महिलाओं को कानून प्रवर्तन में सार्थक, दृश्यमान और प्रभावशाली भूमिका निभानी चाहिए। यह बात डीजीपी आरआर स्वैन ने आईआरपी 15वीं बटालियन के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के सप्ताह भर चले कार्यक्रम के समापन पर कही। कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मियों ने हथियारों की ड्रिल, मिश्रित मार्शल आर्ट और तीरंदाजी का प्रदर्शन किया।
डीजीपी ने कहा कि कर्मियों की ऊर्जा और उत्साह को देखना अच्छा लगता है। महिला कार्मिकों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के महत्व पर जोर दिया। कहा कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर महिला बल के कार्य-जीवन संतुलन का ध्यान रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे पेशेवर कर्तव्यों के साथ-साथ अपने परिवार की भी देखभाल कर सकें। सभी रैंकों को अपने दैनिक कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाते हुए पूरी लगन से अपनी भूमिका निभानी चाहिए। जिससे समाज में स्थायी प्रभाव पड़ेगा और इससे जेके पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा।
डीजीपी ने महिला कर्मियों की शिकायतों और मुद्दों को सुना और आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर वास्तविक मुद्दों को हल करने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएंगे। बटालियन के बुनियादी ढांचे और महिला कर्मियों के बच्चों के लिए उपलब्ध खेल के मैदान की सुविधा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बटालियन के परिसर में एक पौधा भी लगाया।