- छह की जगह चार घंटे में पहुंच सकेंगे, 2026 में काम पूरा करने का लक्ष्य
- पर्यटकों के लिए खुलेंगे पीर पंजाल के रास्ते, बीआरओ बना रहा हाईवे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू से पुंछ और राजोरी के बीच का फासला कम होगा। यहां सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) नेशनल हाईवे का निर्माण कर रहा है। इसे अगले साल तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। नेशनल हाईवे144ए को मेघा परियोजना से सीमावर्ती जिलों राजोरी-पुंछ को जोड़ने की तैयारी है। हाईवे का निर्माण पूरा होने के बाद पुंछ, राजोरी और जम्मू के बीच यात्रा का समय लगभग छह घंटे से घटकर केवल चार घंटे रह जाएगा।
इस परियोजना में 1.1 किलोमीटर लंबी बींबर गली सुरंग और 2.79 किलोमीटर लंबी सुंगल सुरंग पर काम चल रहा है। नौशेरा सुरंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसे जल्द ही आधिकारिक तौर पर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। सुंदरबनी, नौशेरा और राजोरी के बीच का खंड लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। राजोरी-पुंछ खंड पर काम तेजी से चल रहा है।
बीआरओ के इंजीनियर वरुण मिश्रा ने बताया कि अखनूर से आने वाले राजमार्ग में तीन सुरंगें और 13 पुल प्रस्तावित हैं। इनमें से एक सुरंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। चार पुलों का काम पूरा हो चुका है। इस रोड से स्थानीय लोगों को लाभ होगा। इससे अन्य मार्गों की तुलना में दूरी कम हो जाएगी। बीआरओ के अनुसार, बेहतर राजमार्ग नागरिक आवागमन को बढ़ाएगा, रणनीतिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा और पीर पंजाल क्षेत्र में व्यापार व पर्यटन के नए रास्ते खुलेंगे। इस परियोजना ने इंजीनियरों, उपकरण संचालकों, ड्राइवरों, सहायकों और मजदूरों सहित स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार भी पैदा किया है।