बिलावर। उपमंडल मुख्यालय से सटे कोटी गांव प्रशासन की एक बड़ी चूक सामने आई है। उनके लचर रवैये के चलते रविवार को यहां के मिडिल स्कूल की छत गिर गई। हालांकि, अवकाश होने के कारण उस समय स्कूल में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
स्थानीय निवासी अरुण सिंह ने बताया कि करीब 25 वर्ष पूर्व गांव में स्कूल बनाया गया था, जिसकी पुरानी इमारत जर्जर होने के चलते गिर गई। स्कूल में डेढ़ सौ से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। जयपाल सिंह ने कहा कि सरकार को स्कूल की मरम्मत करने के लिए कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यही कारण कि अब छत गिर गई है। स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि कोटी मिडिल स्कूल में जल्द नई इमारत बनाई जाए, जिससे स्कूल में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई करने के लिए परेशानी न उठानी पड़े।