टैक्स चुकाने के बावजूद घो मन्हासा और आसपास के गांवों के लोग गड्ढों वाली सड़कों, साफ पानी, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। जन संवाद में लोगों ने स्थानीय प्रशासन की अनदेखी और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई।
जम्मू से करीब 15 किमी की दूरी पर स्थित घो मन्हासा म्यूनिसिपल कमेटी के सभागार में आसपास के गांवों के लोग रविवार को इकट्ठा हुए। सभी की शिकायतें और दर्द लगभग एक जैसा ही था। वे कहते हैं कि टैक्स देते हैं, पर हमें हर रोज गड्ढे वाली सड़कों से होकर गुजरना पड़ता है। वर्षों से ऐसा ही है। पीने का साफ पानी तक नहीं मिलता। चिकित्सा सुविधाएं भी जम्मू पहुंच कर ही मिल पाती हैं। अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन, सरपंच, पूर्व सरपंच, विद्यार्थी, सेवानिवृत्त शिक्षक-अधिकारी, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
विज्ञापन
रिंग रोड पर नाका होना चाहिए, पर कहीं कोई सुनवाई नहीं है, रिंग रोड नशा तस्करों और नशेड़ियों का अड्डा बन गई है। इस सड़क पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई व्यवस्था भी नहीं है। हमारे इलाके में बिजली की समस्या है। रात में बिना रोक-टोक तस्कर गायों को लेकर जा रहे हैं। बैठकों में कई बार मुद्दे उठाए गए, पर हालात जस के तस हैं।