ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने सोमवार को राजोेरी के सलानी बस स्टैंड पर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान चालकों ने यूनियन का चुनाव कराने तथा राजोेरी में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे बाहरी ऑटो को हटाने की मांग की।
भाजपा नेता कपिल सर्याल की अगुवाई में लामबंद ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने बताया कि पिछले काफी समय से वह यूनियन के चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दे रहा। इससे चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चालकों ने कहा कई बार समस्याओं के समाधान के लिए बैठक की आवश्यकता होती है। लेकिन चुनाव न होने की दशा में यूनियन का गठन नहीं हो पा रहा है। इस कारण बैठक किसकी अध्यक्षता में बुलाई जाए, समस्याओं के निवारण के लिए क्या निर्णय लिया जाए जैसी दिक्कत सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि राजोेरी शहर में बाहर के इलाकों नौशेरा, कालाकोट, ढंगरी बथुनी आदि रूट के ऑटो चालक यहां आकर ऑटो चलाते हैं। जबकि उनके पास यहां ऑटो चलाने का परमिट नहीं है। इससे राजोेरी शहर के परमिट वाले ऑटो चालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। चालकों के प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसएचओ राजोेरी आबिद बुखारी और इंस्पेक्टर एमवीडी राहुल सिंह ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और उचित समाधान का प्रयास किया जाएगा।