बिलावर के ढेर गांव में खेल मैदान बनाने की मांग करते युवा, संवाद।
- फोटो : KATHUA
बिलावर। उपमंडल में ढेर गांव के युवा खेलने की जगह न होने से परेशान हैं। उन्होंने सरकार से गांव में खेल मैदान बनाने की मांग की है।
स्थानीय युवा सनी राजपूत, जोगेश बड़वाल, पंकज शर्मा, लिपि सपोलिया और अतीश शर्मा ने बताया कि गांव के युवा खेल गतिविधियों में काफी रुचि रखते हैं। लेकिन, खेल का मैदान न होने के कारण निराशा हाथ लगती है। अगर किसी को कोई खेल खेलना हो तो कई किलोमीटर दूर फिंतर गांव में स्थित खेल के मैदान में जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सरकार से गांव के वार्ड 5, वार्ड 6, वार्ड 7, वार्ड 8 और वार्ड 9 में खेल मैदान बनाने की कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। जबकि, पंचायत में खेल मैदान बनाने के लिए सरकारी भूमि भी उपलब्ध है। युवाओं को सेहतमंद रखने के लिए सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। लेकिन, गांव के युवा आज भी खेल मैदान से वंचित है।
युवाओं ने प्रशासन से मांग की है कि उनके गांव में किसी सरकारी जगह का चयन कर जल्द से जल्द खेल का एक मैदान बनाया जाए, जिससे गांव के युवाओं को खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए कहीं और न जाना पड़े।