- दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंध का मामला
- अब यूपी में दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंध लगाने के जिस मामले की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है उसमें एक नया पहलू सामने आया है। घगवाल स्थित परीक्षा केंद्र में चपरासी व निगरानी जैसे कार्यों पर तैनात की गईं 15 युवतियों ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उन्हें उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इन युवतियों ने यह शिकायत लिखित रूप में घगवाल थाने में दर्ज कराई।
इसी मामले में हरियाणा से गिरफ्तार किए गए आरोपी सतीश कुमार निवासी ने अदालत से अंतरिम जमानत प्राप्त की थी। कोर्ट के निर्देशानुसार उक्त आरोपी शुक्रवार को घगवाल थाने पहुंचा जहां पुलिस ने उससे विस्तृत पूछताछ की। जानकारी के अनुसार जांच अधिकारी अब उत्तर प्रदेश में रहने वाले दूसरे संदिग्ध व्यक्ति का पता लगाने में जुटे हैं।
सूत्रों का दावा है कि इस भर्ती घोटाले में कुछ प्रभावशाली व्यक्ति भी शामिल हो सकते हैं। एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि यदि गहन जांच की जाए तो इस मामले में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
उधर, वेतन न मिलने से नाराज युवतियों का कहना है कि उन्हें दिल्ली पुलिस की ओर से परीक्षा आयोजित करवाने वाली एक निजी एजेंसी (कंपनी) द्वारा नियुक्त किया गया था, लेकिन ड्यूटी पूरी करने के बाद भी उन्हें पारिश्रमिक नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वे थाना प्रभारी से मिलना चाहती थीं, मगर वह मौजूद नहीं थे, जिसके बाद उन्होंने एक लिखित शिकायत दायर कर दी। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।