रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर जम्मू कश्मीर पहुंचेंगे। पहले दिन वह एलओसी का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। इसके बाद वह महाराजा गुलाब सिंह के 200वें राज्याभिषेक समारोह में शामिल होंगे
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को पहुंचेंगे। पहले दिन 16 जून को वे कश्मीर में अग्रिम इलाकों में जाकर एलओसी पर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेंगे। साथ ही घाटी में सुरक्षा हालात की समग्र समीक्षा करेंगे।
विज्ञापन
इस दौरान सैन्य कमांडरों की ओर से एलओसी पर घुसपैठ रोकने तथा दुश्मनों की हरकतों का जवाब देने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी जाएगी। वे वहां तैनात जवानों से भी संवाद कर उनकी हौसला अफजाई करेंगे।
घाटी में हाल के दिनों में टारगेट किलिंग की बढ़ती घटनाओं तथा सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशों के बीच उनका दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अगले दिन 17 जून को वे जम्मू आएंगे। यहां महाराजा गुलाब सिंह के 200वें राज्याभिषेक समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगे।