संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। थाना रामगढ़ क्षेत्र के गांव जाड से लापता हुए युवक का शव पांच दिन बाद कमाला के खेत में पड़ा मिला। उसकी पहचान अमन भट्टी (24) पुत्र सिकंदर लाल साल निवासी जाड् पंचायत महाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अमन भट्टी कमाला मोड़ स्थित पेंट स्टोर में ऑटो चलाता था। एक फरवरी को अमन घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन शाम को जब वापस नहीं आया तो घरवालों ने उसकी तलाश के लिए पेंट स्टोर प्रबंधन से पूछताछ की। जब दो फरवरी को भी अमन घर नहीं पहुंचा तो घर वालों ने उसके लापता होने की लिखित शिकायत थाना रामगढ़ में दर्ज करा दी। पुलिस ने भी युवक की तलाश के लिए हर संभव कोशिश की, उसकी फोन लोकेशन व काॅल डिटेल भी खंगाली। रविवार की बाद दोपहर बाद पेंट स्टोर का एक कमर्चारी जब शौच के लिए साथ लगते खेत में गया, तो उसने अमन का शव पड़ा देख तुरंत संचालक व अन्य सह कर्मियों को सूचित किया। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी सूचित कर मौके पर पहुंचने का आग्रह किया। खेत में पड़े युवक के शव की पूरी जांच व अहम सुबूत जुटाने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया गया। मृतक के घरवालों ने बेटे की हत्या होने की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की तह तक जाकर जांच करने की अपील की। पुलिस ने 174 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।