जम्मू। शहर में वीरवार को हुए दो हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना नरवाल क्षेत्र में हुई, जहां ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुवीर सिंह निवासी सिंबल कैंप के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के लिए शव को जीएमसी के शवगृह में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार किसी काम से नरवाल क्षेत्र में गया हुआ था। तभी एक बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरे हादसे में छन्नी रेलवे फाटक पर एक मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार निवासी छतरपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के लिए शव को जीएमसी के शवगृह में रखा गया है।