सुंदरबनी। उपजिले के गांव बलशामां में सात दिन पहले लापता हुए युवक का शव रविवार देर शाम जंगल में एक पेड़ पर लटका हुआ मिला। शव मिलने की जानकारी परिजनों ने धर्मसाल पुलिस को दी, और पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर उपजिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस ने जानकारी दी है कि बलशामां का रहने वाला युवक वरुण कुमार पुत्र बीरबल एक सप्ताह पहले घर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के सगे संबंधियों के यहां पता करने के बाद उसके लापता होने की रिपोर्ट धर्मसाल पुलिस स्टेशन में दो दिन पहले दर्ज कराई। रविवार देर शाम कुछ लोगों ने वरुण का शव घर से कुछ ही दूरी पर पेड़ से लटका हुआ देखा और इसकी जानकारी पुलिस थाने में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और सोमवार सुबह उसका पोस्टमार्टम करा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। फिलहाल मामला दर्ज है और जांच शुरू हो गई है।