जम्मू संभाग के उधमपुर में दोपहर के समय हुई मुसलाधार बारिश की वजह से देविका नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इससे जहां देविका नदी का उग्र रूप देखने को मिला वहीं, इस बाढ़ में देविका तट के किनारे अंतिम संस्कार करने के दौरान दो अधजले शव भी बह गए।
विज्ञापन
देविका कमेटी के प्रधान सुरेंद्र खजूरिया ने बताया कि उधमपुर के इतिहास में शायद यह पहला मौका है, जब देविका नदी का इतना उग्र एवं विकराल रूप देखने को मिला है। नदी का पानी देविका नदी पर बने मंदिरों के परिसर तक पहुंच गया था। इसके अलावा जिन शवों को मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया था, उनकी अस्थियां भी बह गई हैं। इससे उनके परिजनों को काफी मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वो क्षण काफी भावुक कर देने वाला था जब लोग अपनों का दाह संस्कार भी अच्छे से नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि यह जिला प्रशासन की नाकामी है कि देविका नदी में आने वाली बाढ़ को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।