अगले छह महीने के लिए जम्मू में सोमवार से दरबार खुल जाएगा। सरकार का कामकाज नागरिक सचिवालय से चलेगा। इसके लिए पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। करीब 21 सरकारी विभागों के मुख्यालय सोमवार से जम्मू में काम करना शुरू करेंगे। नागरिक सचिवालय के भीतर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। सीआरपीएफ और पुलिस मिलकर सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी। सचिवालय में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को इंस्टाल कर दिया गया है।
सचिवालय के भीतर और इसके आसपास करीब 70 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनसे निगरानी की जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री के आवास, राजभवन की सुरक्षा में भी विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। सुबह पुलिस के जवान और डीजीपी सहित अन्य सीनियर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री को सचिवालय में सलामी दी जाएगी।
वहीं गुलशन ग्राउंड स्थित पुलिस मुख्यालय का काम भी शुरू हो जाएगा। रेलवे स्टेशन स्थित पुलिस मेमोरियल में डीजीपी डॉ. एसपी वैद शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह पुलिस मुख्यालय जाएंगे। यहां सीनियर अधिकारियों से बैठक कर कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के बाहर और भीतर भी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। सीमांत इलाकों को जोड़ने वाले रास्तों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। अतिरिक्त नाकों के साथ गश्त बढ़ाई गई है।
शहर में भी रात के समय गश्त बढ़ाई गई है। डीआईजी रफीक उल हसन का कहना है कि दरबार मूव को लेकर सुरक्षा के हर जरूरी बंदोबस्त किए गए हैं। यहां भी जिस तरह की जरूरत है, पुलिस ने हर प्रकार से इंतजाम किया है।