कश्मीर के चार जिलों और श्रीनगर शहर के कुछ हिस्सों से शनिवार को कर्फ्यू हटा लिया गया लेकिन ऐहतियात के तौर पर घाटी के बाकी हिस्सों में यह जारी है। इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह घाटी में कानून एवं व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कश्मीर की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंच गए हैं।
इस दौरान राजनाथ सिंह के साथ अर्धसैनिक बल, केंद्रीय सुरक्षा पुलिसबल (सीआरपीएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक हैं। राजनाथ सिंह श्रीनगर में उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
इसके साथ ही राज्यपाल एन.एन.वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के साथ भी वार्ता करेंगे। श्रीनगर पहुंचते ही राजनाथ ने सिविल सोसायटी से बातचीत की पहल की। इसके बाद वह अन्य पक्षों से भी एक-एक कर बात करेंगे।
Home Minister Rajnath Singh reaches Srinagar(J&K),starts meeting with civil society delegation; earlier visulas pic.twitter.com/IinUhzN331
— ANI (@ANI_news) July 23, 2016
चार जिलों से हटा कर्फ्यू-
- फोटो : PTI
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘बांदीपोरा, बारामूला, बडगाम और गांदरबल जिलों के साथ-साथ श्रीनगर शहर के कुछ हिस्सों से स्थिति में सुधार को देखते हुए कर्फ्यू हटा लिया गया है।’’ अधिकारी ने बताया कि जिन इलाकों से कर्फ्यू हटाया गया है, वहां सीआरपीसी की धारा 144 के तहत चार या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लागू है। उन्होंने बताया कि घाटी के अनंतनाग, कुलगाम, कुपवाड़ा, पुलवामा और शोपियां जिलों के अलावा शहर के आठ पुलिस थानों में कर्फ्यू अब भी लागू है।
अब तक घाटी में स्थिति शांतिपूर्ण रही है। हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी बुरहान वानी के सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के एक दिन बाद नौ जुलाई से कश्मीर में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा है।
जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कल फिर से झड़प हो गयी थी, जिसमें एक युवक की जान चली गयी। वानी के मारे जाने के बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़पों में अब तक 45 लोग अपनी जान गंवा चुके है और 3400 से अधिक लोग घायल हुए हैं।