श्रीनगर शहर के मध्य में रैली निकालने के अलगाववादियों के आह्वान को देखते हुए कश्मीर में आज कई अन्य जगहों पर कर्फ्यू लगा दिया गया। शेष घाटी में लोगों की आवाजाही पर रोक जारी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया 'पूरे श्रीनगर जिले और अनंतनाग शहर में कर्फ्यू है लेकिन लाल चौक में रैली निकालने के कुछ तत्वों के आह्वान के बाद ऐहतियाती तौर पर अन्य जगहों पर भी कर्फ्यू लगा दिया गया है।' उन्होंने कहा कि घाटी के गंदेरबल शहर, अवन्तीपोरा, त्राल, पम्पोर, बारामुला शहर, सोपोर शहर, बांदीपोरा शहर, कलूसा, पपचान तथा अजार इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
अधिकारी ने बताया 'कल के गुटीय संघर्षों के बाद बडगाम जिले में बीरवाह के वारगाम इलाके में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है।' उन्होंने बताया कि कर्फ्यू के बावजूद अलगाववादी तत्वों ने कश्मीर के कई इलाकों में पड़ोसी देश का स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए पाकिस्तानी ध्वज फहराये। सुरक्षा बलों का ध्यान इस ओर जैसे ही आया वैसे ही इन ध्वजों को उतार दिया गया।
प्रशासन ने कल घाटी में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं निलंबित कर दी थीं। यह कवायद सोमवार को स्वतंत्रता दिवस आयोजनों से पहले के सुरक्षा अभ्यास का हिस्सा थी। अधिकारी ने बताया कि ब्रॉडबैंड सेवाएं कल शाम को और मोबाइल टेलीफोन सेवाएं कल देर रात को निलंबित की गईं।