सांबा। कोरोना महामारी के दो साल बाद 23 जून को रामगढ़ सेक्टर की भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बाबा चमलियाल (बाबा दलीप सिंह मन्हास की दरगाह) पर बाबा मेले का आयोजन होने जा रहा है। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों के साथ ही दूसरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
इस संबंध में डीडीसी अध्यक्ष केशव दत्त शर्मा ने उपायुक्त अनुराधा गुप्ता के साथ मेले को धूमधाम से मनाए जाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बाबा चमलियाल स्थल पर आयोजन को लेकर निर्देश दिए हैं। मेले में लोगाें की भीड़ होने पर उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, बिजली, सूचना केंद्र, परिवहन समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कर मेले के आयोजन के लिए इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं।
सड़क एवं भवन निर्माण विभाग को मेला आयोजन से पहले मंदिरों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों की मरम्मत करने और कुएं के विकास को पूरा करने के लिए कहा गया। जलशक्ति विभाग को पानी के टैंकरों के प्रावधान के साथ निर्बाध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा है, जबकि बिजली विभाग को मेले के दिन निर्बाध बिजली के अलावा उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। मेले के दौरान सफाई बनाए रखने पर जोर देते हुए उपायुक्त ने इस वर्ष तीर्थ यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने लीगल मेट्रोलॉजी और सीए एंड पीडी विभागों को यहां के विक्रेताओं द्वारा बेचे जा रहे खाने की गुणवत्ता, स्वच्छता और दरों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।
-----
स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस तैनात करने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधाओं और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त प्रावधान करने के अलावा दो एंबुलेंस तैनात करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों को अपने-अपने स्टाल लगाने को कहा। ताकि श्रद्धालुओं को योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जा सके। पर्यटन विभाग को प्रमुख स्थानों पर बैनर व होर्डिंग लगाकर आयोजन का समुचित प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया। बताया गया कि मंदिर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जो भक्तों की सुविधा के लिए 24 घंटे काम करता रहेगा, जबकि मेला अधिकारी भक्तों को सभी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करेगा।