शिनह के प्राचीन शिव मंदिर में निर्जला एकादशी के अवसर पर महामंडलेश्वर अनूप गिरी जी महाराज लोगों म?
- फोटो : RSPURA
बिश्नाह। प्राचीन शिव मंदिर की ओर से शुक्रवार को निर्जला एकादशी पर ठंडे पानी, शर्बत तथा अल्पाहार का प्रबंध किया गया। महामंडलेश्वर अनूप गिरि ने बताया कि सत्रह वर्षों से आमजन तथा राहगीरों के लिए यह व्यवस्था की जाती है। इसमें हजारों श्रद्धालु जलपान करते हैं। व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में सुरेंद्र, सारथी, मुरली, सन्नी, गोगा, सोनू, तुषार आदि सहयोग करते हैं। अनूप गिरि ने बताया कि निर्जला एकादशी को साल भर की चौबीस एकादशी में सर्वश्रेष्ठ माना गया है। इस दिन किया गया दान अक्षत होता है। ज्येष्ठ मास की धूप में आमजन को ठंडा पानी, शर्बत उपलब्ध कराना बहुत पुण्य का काम है। सभी को श्रद्धा एवं सामर्थ्य अनुसार दान अवश्य करना चाहिए। संवाद
निर्जला एकादशी पर छबील लगाई
आरएस पुरा / मीरां साहिब। निर्जला एकादशी को लेकर कस्बे के विभिन्न चौक चौराहों पर शुक्रवार को भंडारा और छबील लगाई गई। लोगों को रोक-रोककर श्रद्धा से मीठा पानी पिलाया गया और प्रसाद दिया गया। मान्यता है कि इस दिन दानपुण्य करने से मनुष्य को स्वर्ग की प्राप्ति होती है। वार्ड नंबर-10 में युवाओं द्वारा छबील लगाकर राहगीरों की प्यास बुझाई गई। इस मौके पर समाजसेवक रमेश कुमार, मास्टर जसपाल सहित स्थानीय युवाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मीरां साहिब व इसके आसपास कई संस्थानों व दुकानदारों ने छबील लगा लोगों को जलपान कराया। संवाद
छबील लगाकर लोगों की प्यास बुझाई
विजयपुर। आम आदमी पार्टी के नेता राजेश पडगोतर, पूर्व सरपंच खजूर सिंह आदि की देखरेख में शनिवार को छबील लगाई गई। भीषण गर्मी में लोगों को राहत देने के लिए वाहनों को रुकवाकर लोगों को मीठा पानी पिलाया गया। छोटे-छोटे बच्चों की स्कूल बसों को रोककर मीठा पानी पिलाया। सेवकों ने इस पुण्य कार्य में भागीदारी दिखाई। राहगीरों ने भी इस गर्मी में पानी से प्यास बुझाई, और सेवकों का धन्यवाद किया। संवाद