आरएस पुरा। कस्बे से सटे गांव सतराइयां में मंगलवार को चिब बिरादरी की वार्षिक मेल गांव बाबा धर्मचंद देवस्थान पर धूमधाम तथा श्रद्धा पूर्वक तरीके से मनाई गई। सुबह देवस्थान पर मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया गया। बिरादरी के लोगों ने बाबा के स्थान पर पहुंचकर माथा टेका तथा व आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान गांव में पंचायत की ओर से मेले का भी आयोजन किया गया। यहां पहुंचे लोगों ने खरीदारी करने के साथ बच्चों ने मेले का आनंद लिया। बिरादरी की तरफ से सम्मान समारोह का आयोजन कर बिरादरी के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह चिब मुख्य अतिथि रहे। इसके अलावा सरपंच बीना देवी, एसडीपीओ सुरिंदर सिंह, सेवानिवृत्त डीएसपी जोगिंदर सिंह, विशंभर सिंह सहित काफी संख्या में बिरादरी के लोग मौजूद थे। जिन्होंने कुलदेव स्थान पर माथा टेका। पूर्व मंत्री ने कहा कि बिरादरी की तरफ से एक बेहतर कदम उठाया गया, जिससे दूसरे विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि चिब बिरादरी के लोगों पर बाबा धर्मचंद का आशीर्वाद बना रहे। इसकी कामना करते हैं। उन्होंने मौजूद लोगों से अपील की कि वह बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में कोई कसर न छोड़ें।
सरपंच बीना देवी ने बिरादरी की मेल पर आए हुए सभी लोगों का स्वागत किया और कहा कि बिरादरी की तरफ से हर वर्ष इस तरह का सम्मान समारोह का आयोजन कर बिरादरी के उन बच्चों को सम्मानित किया जाता है जो वार्षिक परीक्षाओं में अधिक अंक हासिल करने के साथ खेलों में भाग लेकर बिरादरी का नाम ऊंचा कर रहे हैं। इस परंपरा को आगे भी जारी रखा जाएगा और इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर पूर्व कैप्टन बिशंबर सिंह, लेक्चरर सोहन सिंह, पंच प्रवीण सिंह, नायब सरपंच कुलदीप सिंह कपा, रोशन सिंह, रंजीत सिंह पूनम कुमारी तथा श्याम सिंह सहित अन्य बिरादरी के लोग भी उपस्थित थे। दोपहर में भंडारा लगाया गया।