रविवार को बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को उतारते जवान
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सुचेतगढ़ सीमा सुरक्षा चौकी (ऑक्ट्राय पोस्ट) पर रविवार को बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहंचे। सेरेमनी देखने के लिए पहुंचे लोग काफी उत्साहित नजर आए। हर कोई इस पल को अपने मोबाइल में रिकार्ड करते हुए नजर आया।
रविवार को जैसे ही सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सेरेमनी की शुरुआत की लोगों ने भारत माता की जय के जयकारे लगाकर जवानों का हौसला बढ़ाया तथा पड़ोसी देश को भी देशभक्ति अहसास कराया। बाघा बॉर्डर की तर्ज पर सीमा सुरक्षा बल की तरफ से बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी की शुरुआत की है। तब से हर शनिवार व रविवार को दूसरे राज्यों से केंद्र शासित प्रदेश में पहुंचे पर्यटकों सहित स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। दिल्ली से जम्मू पहुंचीं पूनम शेरवात ने कहा कि सेरेमनी के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यहां परिवार के साथ आए और जानकारी मिली कि आरएस पुरा सेक्टर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुचेतगढ़ में भारत-पाकिस्तान की सीमा पर बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन होता है। यहां देखने के लिए पहुंचे। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने परेड के दौरान लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और इस दौरान विशेष कर बच्चों में काफी उत्साहित नजर आया। गांव सुचेतगढ़ के पूर्व सरपंच सवर्ण लाल भगत ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन कराए जाने पर काफी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे यहां के लोगों को रोजगार का साधन मिलने के साथ पर्यटक स्थल देश के नक्शे पर उभरेंगे। सीमा सुरक्षा बलों द्वारा यहां पहुंचने वाले पर्यटकों के बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है। सरकार की ओर से जम्मू से यहां पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए बस लगाई गई। इसके बावजूद कई पर्यटक टैक्सी और निजी वाहनों से यहां पहुंच रहे हैं।