विजयपुर में श्रद्धांजलि देते पूर्व मंत्री गंगा
विजयपुर। शहीद ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह की 73 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके पैतृक गांव बगुना में किया गया। इस दौरान भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा और मंजीत सिंह ने भी श्रद्धांजलि दी। चंद्र प्रकाश गंगा ने कहा कि युवाओं को राजेंद्र्र सिंह की वीरता के बारे में जानना चाहिए।
गंगा ने राजेंद्र सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 21-22 अक्टूबर 1947 को जब पाकिस्तान की ओर से कश्मीर पर हमला किया गया तो जम्मू-कश्मीर स्वतंत्र राज्य था। महाराजा हरि सिंह ने ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह को आदेश दिया कि स्वयं उस सीमा पर जाकर पूरे हालात का जायजा लें और उचित कार्रवाई करें। ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह ने बादामी बाग छावनी में उपलब्ध लगभग सौ सैनिकों के साथ 22 अक्तूबर को दोमेल (मुजफ्फराबाद) की ओर कूच किया। तब तक पाकिस्तानी हमलावरों ने मुजफ्फराबाद पर हमला कर श्रीनगर की ओर कूच कर दिया था। 23 अक्तूबर को गढ़ी के स्थान पर आगे बढ़ रहे शत्रु से पहली झड़प में ही उन्हें अंदाजा हो गया था कि हमलावर पांच हजार से अधिक होंगे। आखिरकार दिन में लड़ाई में उलझाए और रात को पीछे हट कर नई मोर्चाबंदी की नीति अपनाई। 26 अक्टूबर को महाराजा हरि सिंह ने भारत के साथ विलय पत्र पर हस्ताक्षर किए।