शहीद लेफ्टिनेंट ठाकुर दास की शहीद दिवस पर उपस्थित सांसद व अन्य।
अखनूर। लेफ्टिनेंट ठाकुर दास के शहीद दिवस पर रविवार को स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान सेवानिवृत्त जज डीके कपूर की अगुवाई में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें सांसद जुगल किशोर शर्मा और पूर्व विधायक राजीव शर्मा, डीडीसी सदस्य शारदा भाऊ मौजूद रहे। इस अवसर पर स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से बनाए गए शहीद स्मारक व स्पोर्ट्स क्लब की इमारत का उद्घाटन किया।
सभा में शहीद ठाकुर दास के बलिदान को याद किया गया। उन्होंने लद्दाख सीमा पर 1965 में शहादत पाई। सांसद ने कहा कि देश के शहीदों को लोग हमेशा याद रखते हैं। ऐसे में युवा ऐसे योद्धा के जीवन से प्रेरणा लेकर कर अपने भविष्य का निर्माण करें। पूर्व विधायक राजीव शर्मा ने कहा कि उनके बलिदान का पूरा देश ऋणि रहेगा। सेवानिवृत्त जज डीके कपूर ने कहा कि शहीद ठाकुर दास राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे। उन्होंने खेलों में अखनूर का नाम ऊंचा किया। सेना में लेफ्टिनेंट पद पर भर्ती होने के बाद देश की रक्षा करते शहीद हुए। उनकी शहादत के बाद हमने कडे़ प्रयास से स्पोर्ट्स क्लब बनाया।
सभा में म्यूनिसिपल कमेटी प्रधान सुरिंदर शर्मा, जगदीश भगत, डीपी गुप्ता, जुगल गुप्ता, राजपाल शर्मा, रमेश कश्यप आदि मौजूद रहे।