केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
सीआरपीएफ के उत्तरी जोन के विशेष निदेशक जुल्फकार हसन ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की और उन्हें जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद की स्थिति की जानकारी दी।
हसन ने बताया कि पांच अगस्त के फैसले के बाद स्थिति सामान्य बनी हुई है। कोई बड़ी हिंसा की घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा घाटी में कर्फ्यू लगाया जाने की खबरें केवल अफवाह है। एक भी दिन घाटी के किसी भी हिस्से में कर्फ्यू नहीं लगाया गया। कुछ पाबंदियां जरूर लगाई गई है।
इस दौरान सीआरपीएफ के विशेष डीजी ने मंत्री को हालही में संपन्न हुई श्री अमरनाथ यात्रा पर आधारित काफी टेबल बुक भेंट की। डॉ. जितेंद्र सिंह ने सेना और अर्ध सैनिक बलों की जम्मू कश्मीर में पिछले तीन दशकों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पिछले कई सालों के बाद इस साल त्योहारों का सीजन ज्यादा शांतिपूर्ण रहा है।
ईद, स्वतंत्रता दिवस, मुहर्रम सब शांतिपूर्ण बीते। उन्होंने कहा केवल कुछ लोग सियासी लाभ के लिए सुरक्षा बलों के खिलाफ दुष्प्रचार करते है। उन्होंने कहा सरकार ने आतंकवाद और इसको समर्थन देने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हुए है।
उन्होंने कहा 31 अक्तूबर के बाद जम्मू कश्मीर और लद्दाख में नए अध्याय की शुरूआत होगी। इसके कुछ महीने बाद लोगों को नई व्यवस्था के लाभ दिखने शुरू होंगे।