अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान पूरी तरह बौखलाया हुआ है और आए दिन संघर्षविराम का उल्लंघन कर आतंकियों की घुसपैठ कराने की फिराक में है। आज शाम करीब सवा चार बजे पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के दिगवार सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन कर गोलाबारी की। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
इससे पहले पाकिस्तान ने एलओसी और आईबी पर रविवार को भी सीजफायर का उल्लंघन किया था। पुंछ जिले के दिगवार, करमाड़ा और राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की सूचना है। सेना ने करारा जवाब दिया था।
वहीं, कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मनियारी और सतपाल चौकियों पर गोलीबारी की गई। यहां पाकिस्तान ने शाम सात से रात साढ़े नौ बजे तक गोलाबारी की। बीएसएफ की मनियारी और सतपाल चौकियों के बीच बांध का निर्माण किया जा रहा है, जिससे बौखलाए पाकिस्तानी रेंजर फायरिंग कर रहे हैं।